अंबेडकर नगर। जिला कारागार से बुधवार को पेशी के लिए न्यायालय परिसर लाए गए बंदियों ने लॉकअप के अंदर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। बंदियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए विरोध किया। अचानक नारेबाजी से न्यायालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
बताया गया कि पेशी के बाद बंदियों को न्यायालय परिसर स्थित लॉकअप में रखा गया था। इसी दौरान पानी नहीं मिलने को लेकर कुछ बंदी नाराज हो गए। बंदियों ने ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए विरोध जताया। देखते ही देखते अन्य बंदी भी उनके समर्थन में नारेबाजी करने लगे।
लॉकअप के अंदर से लगातार नारेबाजी की आवाज सुनकर पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई। मौके पर मौजूद जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने किसी तरह बंदियों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।