अयोध्या। नगर विकास एवं जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने अधिकारियों को विकास कार्यों में वित्तीय और भौतिक प्रगति समान रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचना सुनिश्चित हो।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने नगर पंचायतों में तालाबों की नीलामी की प्रक्रिया समय से पूरी कराने के साथ ही नगर पंचायतों की दुकानों की नीलामी और उनका मार्केट रेट निर्धारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व वसूली को भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने को कहा।
नगर क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त कराने, पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और साफ-सफाई के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन शत-प्रतिशत कराने तथा गौशालाओं के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा।
डूडा की समीक्षा के दौरान मलिन बस्तियों में चल रहे कार्यों को समय से पूरा कराने और आवश्यक कार्ययोजनाओं को शीघ्र स्वीकृत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को आवास योजना का लाभ दिलाने तथा आवासों की जियो टैगिंग समयबद्ध ढंग से कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सीएम डैशबोर्ड के सभी इंडिकेटर्स में प्रगति बढ़ाने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से नियमित समीक्षा करने को कहा। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।