Thursday, October 1, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरसड़क हादसे में घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत

सड़क हादसे में घायल ट्रक चालक की इलाज के दौरान मौत

जैतपुर अंबेडकरनगर। जैतपुर थाना क्षेत्र के नत्थूपुर लौधना गांव निवासी 32 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र स्व. श्रीनाथ की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार सुबह मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रमोद चार बहनों का इकलौता भाई और परिवार का सहारा था।
परिजनों के अनुसार प्रमोद फरीदाबाद में रहकर ट्रक चलाता था। 23 सितंबर को वह फरीदाबाद से सामान लादकर मुंबई महाराष्ट्र गया था। वहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर परिजन उसे गांव ले आए और जलालपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार नहीं होने पर आजमगढ़ के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आजमगढ़ में उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे लखनऊ ले जाने की सलाह दी। आर्थिक परेशानी के चलते परिजन उसे घर ले आए और आगे के इलाज के लिए रुपये की व्यवस्था करने में जुट गए। इसी बीच एक अक्टूबर की सुबह प्रमोद की मौत हो गई।
प्रमोद के पिता की करीब तीन वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। चार बहनों में वह अकेला भाई था। दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दो बहनों की शादी अभी नहीं हुई है। प्रमोद की पत्नी और तीन वर्ष की बेटी है। उसकी मौत से पत्नी, मासूम बेटी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंचे जैतपुर थाने के उपनिरीक्षक अजय सरोज ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से गांव में शोक की लहर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments