◆ सड़कों, नालियों, स्ट्रीट लाइट और सफाई की समस्याएं उठीं, महापौर ने समितियों से अनुशासन के साथ उत्सव मनाने की अपील की
अयोध्या । दुर्गा पूजा और दशहरा उत्सव की तैयारियों को लेकर नगर निगम प्रशासन और केंद्रीय दुर्गापूजा एवं रामलीला समन्वय समिति की संयुक्त बैठक हुई। बैठक में पूजा पंडालों और रामलीला स्थलों से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ शहर की सफाई, सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइट की समस्याओं पर चर्चा की गई। समिति के पदाधिकारियों ने नगर निगम अधिकारियों के सामने विभिन्न क्षेत्रों की समस्याएं रखीं।
महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि दुर्गा पूजा और दशहरा अब केवल कुछ समितियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें बड़ी संख्या में लोग सहभागी होते हैं। उन्होंने समितियों से उत्सव को व्यवस्थित और अनुशासित तरीके से आयोजित करने तथा स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं में नगर निगम की ओर से आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
केंद्रीय समिति के जिला अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने पिछले वर्ष की व्यवस्थाओं और अधिकारियों के अनुभव के आधार पर इस बार तैयारियां समय से पूरा कराने की बात कही। उन्होंने महानगर क्षेत्र में केंद्रीय दुर्गापूजा के संस्थापक भगवान जायसवाल की प्रतिमा किसी चौराहे पर स्थापित करने और चौराहे का नाम उनके नाम पर रखने की मांग नगर निगम के समक्ष रखी।
नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने समितियों से प्लास्टर ऑफ पेरिस की मूर्तियों के इस्तेमाल से बचने और मूर्तियों में रासायनिक रंगों का प्रयोग नहीं करने की अपील की। उन्होंने मिट्टी की प्रतिमाओं से पूजा करने पर जोर देते हुए कहा कि नगर निगम से संबंधित व्यवस्थाएं उत्सव से पहले पूरी कर ली जाएंगी।
केंद्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष विजय कुमार गुप्ता ने पूजा और रामलीला से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने की आवश्यकता बताई। समिति के संयोजक गगन जायसवाल ने विभिन्न पूजा समितियों की समस्याओं को बैठक में रखा।
बैठक में टूटी सड़कों की मरम्मत, नालों और नालियों पर पत्थर रखने, स्ट्रीट लाइट और सफाई की समस्याएं प्रमुखता से उठीं। जोनल प्रमुखों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं की जानकारी अधिकारियों को दी।
इस दौरान अपर नगर आयुक्त नागेंद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त भारत भार्गव, जलकल महाप्रबंधक सौरभ श्रीवास्तव, जोनल अधिकारी ज्वाला प्रसाद, सुभाष त्रिपाठी, विनय प्रताप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मणी शुक्ला सहित नगर निगम के अधिकारी और केंद्रीय समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में उप महापौर संतोष सिंह, पार्षदों, रामलीला समितियों के पदाधिकारियों और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।