लखनऊ। भारतीय पारंपरिक वस्त्रों, हस्तशिल्प और आधुनिक डिजाइन के क्षेत्र में पहचान बना चुके पेज़्ली (Paisley) ने अपनी 25 वर्षों की डिजाइन यात्रा पूरी होने के अवसर पर लखनऊ में नए फ्लैगशिप बुटीक की शुरुआत की। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड परिसर स्थित नए स्टोर का उद्घाटन बोर्ड के ज्वाइंट सीईओ सिद्धार्थ यादव और डिप्टी सीईओ एमके दिवाकर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
डालीबाग स्थित खादी बोर्ड परिसर के प्रथम तल, 8 तिलक मार्ग, बटलर रोड पर शुरू किए गए इस स्टोर में ग्राहकों को लखनऊ की इकत, अजरक, सिल्क, चिकनकारी, कलमकारी समेत देशभर के पारंपरिक वस्त्रों की विस्तृत रेंज उपलब्ध होगी। यहां हैंडलूम और हैंडवोवन उत्पाद भी ग्राहकों को मिलेंगे।
पेज़्ली के इस नए स्टोर में ग्राहकों के लिए कस्टम स्टिचिंग, विशेष डिजाइन, फिटिंग और व्यक्तिगत कस्टमाइजेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे ग्राहक अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार परिधानों को तैयार करा सकेंगे।
कंपनी के अनुसार, नया फ्लैगशिप बुटीक लखनऊ में फैशन और भारतीय हस्तशिल्प में रुचि रखने वाले लोगों के लिए ऐसा डिजाइन स्पेस उपलब्ध कराएगा, जहां पारंपरिक भारतीय वस्त्रों के साथ आधुनिक डिजाइन और व्यक्तिगत शैली का संगम देखने को मिलेगा।