◆ सफाई, पेयजल, प्रकाश, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
अयोध्या। चौदहकोसी और पंचकोसी परिक्रमा के साथ कार्तिक पूर्णिमा मेला-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने समीक्षा बैठक में संबंधित विभागों को परिक्रमा मार्ग और मेला क्षेत्र की मूलभूत सुविधाएं समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को चौदहकोसी परिक्रमा एवं अक्षय नवमी और 20 नवंबर को पंचकोसी परिक्रमा एवं एकादशी होगी। वहीं 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा स्नान एवं गुरु नानक जयंती का आयोजन होगा।
मेले को देखते हुए नगर निगम, जिला पंचायत और अन्य विभागों को परिक्रमा मार्ग एवं मेला क्षेत्र में सफाई, पेयजल, शौचालय और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
श्रद्धालुओं के लिए प्राथमिक उपचार केंद्र, चिकित्सक, दवाएं, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती की जाएगी। विद्युत आपूर्ति सुचारु रखने के साथ पोल और तारों की मरम्मत भी कराई जाएगी। जल निगम को पाइपलाइन, सीवर और पेयजल व्यवस्था से जुड़े जरूरी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिक्रमा मार्ग और मेला क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत, घाटों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, लाइटिंग और सौंदर्यीकरण के कार्य भी कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों, अस्थायी बस स्टैंड और विशेष ट्रेनों की व्यवस्था के लिए संबंधित विभाग कार्रवाई करेंगे।
सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल, जल पुलिस, मोटर बोट, अग्निशमन और ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग मेला क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करेगा। सीसीटीवी, पीए सिस्टम, बैरियर, पार्किंग, सूचना पट्ट, पंपलेट, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।