Monday, August 31, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरपुलिसकर्मियों को दिया अग्नि सुरक्षा एवं बचाव का प्रशिक्षण

पुलिसकर्मियों को दिया अग्नि सुरक्षा एवं बचाव का प्रशिक्षण


जलालपुर, अंबेडकर नगर। सोमवार को जलालपुर कोतवाली परिसर में पुलिसकर्मियों को अग्नि सुरक्षा एवं बचाव का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले आवश्यक कदमों और बचाव के उपायों से पुलिसकर्मियों को अवगत कराना रहा।

फायर स्टेशन प्रभारी रामाश्रय यादव के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में कोतवाली के सभी पुलिसकर्मी एवं उपनिरीक्षक मौजूद रहे। फायर स्टेशन की टीम ने प्रशिक्षण के दौरान आग लगने के विभिन्न संभावित कारणों तथा प्राथमिक स्तर पर आग पर काबू पाने के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।

फायर कर्मियों ने पुलिसकर्मियों को अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी इस्तेमाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया। अग्निशमन यंत्रों के संचालन की प्रक्रिया समझाते हुए बताया गया कि आपात स्थिति में सावधानी बरतते हुए किस प्रकार आग पर नियंत्रण पाया जा सकता है।

टीम ने आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल संबंधित विभाग को सूचना देने, आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने तथा आग के प्रकार के अनुसार उचित अग्निशमन उपकरण का प्रयोग करने की जानकारी दी। साथ ही आपात परिस्थितियों में विभिन्न टीमों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के आवश्यक उपाय भी बताए गए।

फायर स्टेशन प्रभारी रामाश्रय यादव ने कहा कि आग से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए समय रहते सही कदम उठाना बेहद जरूरी है। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को किसी भी अग्निकांड की स्थिति में स्वयं सुरक्षित रहते हुए प्रभावित लोगों की मदद करने में सक्षम बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments