◆ राष्ट्रीय खेल दिवस पर ‘खेल और खिलाड़ी’ विषय पर गोष्ठी, ट्रैक सूट देकर खिलाड़ियों का सम्मान
अंबेडकर नगर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को देव इंद्रावती महिला महाविद्यालय, कटेहरी के सभागार में ‘खेल और खिलाड़ी’ विषय पर गोष्ठी एवं खिलाड़ी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक कौस्तुभ सिंह ने मां सरस्वती और महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि कौस्तुभ सिंह ने मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तमाम दुश्वारियों के बावजूद उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और टीम भावना के बल पर देश को गौरवान्वित किया। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला ओलंपिक संघ के सचिव डॉ. राणा रणधीर सिंह ने की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए तो उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयां मिल सकती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से मेजर ध्यानचंद के जीवन से प्रेरणा लेकर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संचालन जिला ओलंपिक संघ एवं हॉकी संघ के सचिव डॉ. हनुमान प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि खेल में हार-जीत से अधिक महत्वपूर्ण ईमानदारी, मेहनत और समर्पण है। खिलाड़ी को किसी एक-दो हार से निराश नहीं होना चाहिए। निरंतर प्रयास और अभ्यास से सफलता का रास्ता लंबा होता है।
गोष्ठी के बाद विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को ट्रैक सूट प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत यशवंत सिंह ने किया। इस अवसर पर हॉकी संघ के कोषाध्यक्ष आशाराम वर्मा, देव इंद्रावती महिला महाविद्यालय के खेल विभागाध्यक्ष डॉ. आकाश श्रीवास्तव, मनोज सिंह, प्रमोद यादव समेत महाविद्यालय के शिक्षक, छात्राएं, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।