अम्बेडकरनगर। जनपद के प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने शुक्रवार को संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने माझा कम्हरिया गांव में घाघरा नदी के तट पर पहुंचकर जलस्तर की स्थिति देखी और बाढ़ से निपटने के लिए की गई तैयारियों का निरीक्षण किया। नदी के कटान को रोकने के लिए लगाए गए परक्यूपाइन और जियो कस्टर्ड बैग की व्यवस्था भी देखी।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ के मद्देनजर सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से दुरुस्त रखी जाएं। नदी के जलस्तर और कटान की लगातार निगरानी करते हुए किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत आराजी देवरा के करिया लोना का पुरवा में आयोजित चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीणों को योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाए और पात्र लोगों को लाभ दिलाने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
चौपाल में प्रभारी मंत्री ने पांच पशुपालकों को पशुओं के लिए दवाएं वितरित कीं। वहीं, पांच पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी प्रदान किए गए। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी ज्योत्सना बंधु, एसडीएम, डीपीआरओ समेत स्वास्थ्य, पशुपालन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।