Wednesday, August 12, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगर ध्रुव गुप्ता हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

 ध्रुव गुप्ता हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए


◆ परिजनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने तेज की थी आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई, दो अन्य की तलाश जारी


जलालपुर, अंबेडकर नगर।  नगपुर  बाजार निवासी ध्रुव गुप्ता की मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में जलालपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की कार्रवाई से परिजनों ने राहत जताते हुए शेष दो आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

पुलिस के अनुसार, बीते 10 अगस्त को ध्रुव गुप्ता के साथ निखिल अग्रहरि, दीपक अग्रहरि, करन अग्रहरि समेत एक अज्ञात युवक ने विवाद के बाद मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल ध्रुव की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की थी।

पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे रामगढ़ रोड स्थित शंकरगढ़ तिराहे के पास से मामले में नामजद आरोपी दीपक अग्रहरि पुत्र महेंद्र कुमार निवासी करीमपुर तथा करन अग्रहरि पुत्र महेंद्र कुमार निवासी मतलूबपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

गौरतलब है कि ध्रुव गुप्ता की मौत के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 21 घंटे तक प्रदर्शन किया था। मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह, जलालपुर उपजिलाधिकारी मधुमिता सिंह तथा अन्य संभ्रांत लोगों के समझाने और आश्वासन के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया था। पुलिस द्वारा अंतिम संस्कार के अगले ही दिन दो आरोपियों की गिरफ्तारी किए जाने पर परिजनों ने पुलिस के प्रति आभार जताया। साथ ही शेष एक नामजद और एक अज्ञात आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है।

इस संबंध में जलालपुर कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments