Sunday, August 9, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरफुटपाथ पर कब्जे का विरोध करने पहुंचे अतिक्रमण प्रभारी से अभद्रता

फुटपाथ पर कब्जे का विरोध करने पहुंचे अतिक्रमण प्रभारी से अभद्रता


जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर पालिका क्षेत्र के जलालपुर-सुरहुरपुर मार्ग पर नवनिर्मित सड़क के फुटपाथ पर कथित अवैध अतिक्रमण का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ दुकानदार फुटपाथ की जमीन पर निर्माण कराकर उसे अपनी दुकानों में शामिल करने का प्रयास कर रहे हैं। शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंचे नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी के साथ अभद्रता किए जाने और मारपीट की कोशिश का आरोप है। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही।

जलालपुर-सुरहुरपुर मार्ग पर हाल ही में सड़क निर्माण के साथ राहगीरों की सुविधा के लिए फुटपाथ बनाया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदार फुटपाथ की जमीन पर ही निर्माण कार्य करा रहे हैं। इससे फुटपाथ का अस्तित्व समाप्त होने के साथ राहगीरों के सामने आवागमन की समस्या खड़ी हो सकती है। साथ ही सड़क पर पैदल चलने वालों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति भी उत्पन्न होने की आशंका है।

फुटपाथ पर निर्माण कराए जाने की शिकायत नगर पालिका परिषद में की गई थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका के अतिक्रमण प्रभारी रामकृष्ण यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित दुकानदारों से फुटपाथ पर कराया जा रहा निर्माण कार्य रोकने को कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर दुकानदारों और अतिक्रमण प्रभारी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए।

माहौल बिगड़ता देख अतिक्रमण प्रभारी मौके से वापस लौट गए। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने पर वह मौके पर पहुंचे थे। फुटपाथ पर किए जा रहे निर्माण को रोकने की बात कहने पर संबंधित लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और मारपीट करने का प्रयास किया। स्थिति को देखते हुए उन्हें वहां से वापस लौटना पड़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments