अंबेडकर नगर। उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में कटेहरी ब्लॉक के भिउरा गांव में चकबंदी कराए जाने को लेकर किसानों के बीच मतदान कराया गया। चुनाव की तर्ज पर पर्ची के माध्यम से किसानों से चकबंदी के पक्ष या विपक्ष में राय ली गई। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ।
भिउरा गांव में चकबंदी को लेकर पहले भी चार बार मतदान कराया जा चुका है। अंतिम मतदान में पक्ष और विपक्ष के मत बराबर होने के बाद गांव के एक किसान ने चकबंदी निरस्त कराने के लिए उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल की थी। इस पर न्यायालय ने चकबंदी आयुक्त, लखनऊ को किसानों की राय लेकर दोबारा रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों की समिति गठित कर पुनः मतदान कराया गया।
मतदान से पूर्व सभी खाताधारकों को सूचना दी गई थी। गांव में कुल 311 खाताधारक हैं, जिनमें से 111 ने मतदान में भाग लिया। इनमें 94 किसानों ने चकबंदी के पक्ष में मतदान किया, जबकि 17 किसानों ने इसका विरोध किया।
मतदान प्रक्रिया की निगरानी एडीएम (वित्त एवं राजस्व) रणजीत सिंह, एसडीएम अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, सीओ सिटी नीतीश कुमार तिवारी, बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी डॉ. पुष्पेंद्र पटेल सहित राजस्व एवं चकबंदी विभाग के अधिकारियों ने की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अहिरौली थानाध्यक्ष दिनेश सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। प्रशासन ने पूरे मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया।