अयोध्या। सिराथू से विधायक एवं अपना दल (कमेरावादी) की राष्ट्रीय नेता पल्लवी पटेल शनिवार को अयोध्या पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी संगठन की समीक्षा और उसे मजबूत बनाने की रणनीति साझा की। उन्होंने कहा कि चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है, इसलिए संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त और सक्रिय बनाने का अभियान चलाया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में पल्लवी पटेल ने कहा कि पार्टी पूरे प्रदेश में संगठन की गहन समीक्षा कर रही है। कार्यकर्ताओं के बीच जाकर उनकी सक्रियता और संगठन की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भी संगठन में कमियां दिखाई देंगी, उन्हें समय रहते दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा, “जहां-जहां संगठन के नट-बोल्ट ढीले पड़े हैं, उन्हें टाइट किया जाएगा। चुनाव से पहले संगठन को पूरी तरह चुस्त-दुरुस्त करना हमारी प्राथमिकता है। इसके लिए कार्यकर्ताओं से लगातार संवाद और समीक्षा का सिलसिला जारी रहेगा।”
संसद भवन के बाहर सांसद पप्पू यादव के विरोध प्रदर्शन और राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में पल्लवी पटेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि संसद देश का सर्वोच्च लोकतांत्रिक मंच है और वहां हर महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे का मामला भी गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यह केवल चढ़ावे की चोरी का सवाल नहीं है, बल्कि आज देश में आम जनता के अधिकारों और युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दे भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की नौकरियां छीनी जा रही हैं और जनता के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे सभी विषयों पर संसद में व्यापक चर्चा होनी चाहिए और सरकार को उनका जवाब देना चाहिए।
पल्लवी पटेल ने कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक मजबूती के साथ जनता के बीच जाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मजबूत संगठन और जनसरोकारों के मुद्दों के आधार पर पार्टी 2027 के चुनाव में प्रभावी भूमिका निभाएगी।