अम्बेडकर नगर। जिला कारागार,में शुक्रवार को बंदियों के कौशल विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक नई पहल की गई। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कारागार परिसर में स्थापित दो पावरलूम सेट का उद्घाटन किया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के एक जनपद-एक उत्पाद योजना के तहत हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बलरामपुर चीनी मिल के सीएसआर फंड तथा उद्योग विभाग के सहयोग से इन पावरलूम की स्थापना कराई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि पावरलूम के संचालन से कारागार में निरुद्ध बंदियों को बुनाई का व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलेगा। इससे वे नया कौशल सीखने के साथ रोजगारपरक गतिविधियों से जुड़ सकेंगे और भविष्य में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे।
कार्यक्रम में बलरामपुर चीनी मिल के अधिकारियों के अलावा उद्योग विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इसे बंदियों के पुनर्वास और कौशल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।