Friday, July 24, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरश्रावण पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश

श्रावण पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने दिए कड़े निर्देश


अम्बेडकर नगर। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा और शिवालयों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज सदरपुर के ऑडिटोरियम में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की मौजूदगी में कानून-व्यवस्था और तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों, शिवालयों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और यातायात प्रबंधन की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।

डीएम ने विद्युत विभाग को झुके हुए बिजली के पोल और ढीले तारों को तत्काल ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों के आसपास सुरक्षा इंतजाम करने तथा नगर निकायों को प्रतिदिन कूड़ा उठाने के निर्देश दिए। शिविर स्थलों और मंदिर परिसरों में साफ-सफाई तथा फिसलन रोकने के लिए विशेष व्यवस्था करने को कहा। खाद्य सुरक्षा विभाग को भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए गए।

एसपी प्राची सिंह ने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने डीजे संचालकों को निर्धारित शर्तों का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही नदी घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, नाव, नाविक और गोताखोर उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। बैठक में प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments