अंबेडकर नगर। पिता के निधन के बाद आर्थिक संकट से जूझ रहे एक परिवार की बेटी की शिक्षा बीच में न छूटे, इसके लिए भाजपा नेता एवं नारायण फाउंडेशन के संरक्षक विवेक मौर्य आगे आए हैं। उन्होंने सिझौली निवासी दिवंगत राकेश कुमार प्रजापति की बेटी नंदिनी प्रजापति की आजीवन शिक्षा का खर्च उठाने का संकल्प लिया है। साथ ही अगले ही दिन विद्यालय में उसका प्रवेश और एक वर्ष की फीस भी जमा करा दी।
जानकारी के अनुसार अकबरपुर विधानसभा क्षेत्र के सिझौली गांव निवासी राकेश कुमार प्रजापति का हाल ही में कैंसर से निधन हो गया। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनके निधन के बाद पत्नी कुसुम, बेटी नंदिनी और छोटे बेटे के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। नंदिनी अकबरपुर स्थित सैनिक इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा है। आर्थिक तंगी के कारण उसकी पढ़ाई प्रभावित होने की आशंका थी।
मामले की जानकारी मिलने पर विवेक मौर्य देर रात परिजनों से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने नंदिनी से बातचीत की और उसकी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा को देखते हुए उसकी शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की घोषणा की। इसके बाद विद्यालय में उसका प्रवेश कराकर एक वर्ष की फीस भी जमा कराई। विवेक मौर्य ने परिवार को भरोसा दिलाया कि आर्थिक अभाव के कारण नंदिनी की पढ़ाई कभी नहीं रुकेगी और वह जब तक पढ़ना चाहे, हर संभव सहयोग मिलता रहेगा।
विवेक मौर्य इससे पहले भी सामाजिक कार्यों के लिए चर्चा में रहे हैं। उनके नेतृत्व में नारायण फाउंडेशन ने अकबरपुर में 21 जरूरतमंद बेटियों का सर्वजातीय सामूहिक विवाह कराया था। इसके अलावा 90 से अधिक बेटियों के विवाह में गृह उपयोगी सामग्री और आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जा चुकी है।
नारायण फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में भी लगातार कार्य कर रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए निशुल्क ठहरने, भोजन और परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की व्यवस्था, प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत हजारों जूट बैग का वितरण तथा भीषण गर्मी में जरूरतमंदों को बड़े आकार के छाते उपलब्ध कराने जैसे कार्यों को भी संस्था द्वारा संचालित किया गया है।