जलालपुर, अंबेडकरनगर। तहसील परिसर में भारतीय किसान यूनियन द्वारा 15 सूत्रीय मांगों को लेकर शुरू किया गया धरना बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
तहसील अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव ने आरोप लगाया कि उपजिलाधिकारी राहुल कुमार गुप्ता किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हैं। उनका कहना था कि उपजिलाधिकारी तहसील परिसर में मौजूद होने के बावजूद धरनारत किसानों से मिलने नहीं पहुंचे, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ गई।
भाकियू नेताओं ने कहा कि संगठन लंबे समय से किसानों और ग्रामीणों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की मांग कर रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि चार दिनों के भीतर मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो महापंचायत आयोजित कर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
धरने में शामिल किसानों ने कहा कि समस्याओं के समाधान में लगातार हो रही देरी से असंतोष बढ़ रहा है। फिलहाल धरना शांतिपूर्ण ढंग से जारी है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि मांगों के समाधान तक उनका आंदोलन जारी रहेगा तथा प्रशासन से शीघ्र वार्ता कर समस्याओं का निस्तारण करने की मांग की है।