Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अम्बेडकर नगर श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर भाजपा ने किया नमन, अवधेश द्विवेदी...

श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस पर भाजपा ने किया नमन, अवधेश द्विवेदी के क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने पर बांटी मिठाई

0
3

अम्बेडकर नगर। भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को जिला कार्यालय अटल भवन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद किया। साथ ही जनपद से पहली बार अवधेश द्विवेदी के भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा क्षेत्रीय मंत्री एवं पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य विनोद कुमार ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने “एक देश, एक विधान, एक निशान” के सिद्धांत के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी जी राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते थे और उन्होंने कश्मीर में परमिट व्यवस्था के विरोध में आंदोलन चलाकर देश की एकता और अखंडता के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने हमेशा पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज बुलंद की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उनकी अनेक अवधारणाएं साकार हुई हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष दिलीप पटेल देव ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसके कार्यकर्ता होते हैं। डॉ. मुखर्जी द्वारा स्थापित जनसंघ आज भाजपा के रूप में विशाल वटवृक्ष बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बलिदान दिवस केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लेने का दिन भी है।

कार्यक्रम के दौरान जनपद से पहली बार अवधेश द्विवेदी को भाजपा का क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। जिला कार्यालय में मिठाई वितरण कर खुशी का इजहार किया गया।

इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष राम प्रकाश यादव, ज्ञान सागर सिंह, यमुना प्रसाद चतुर्वेदी, रमाशंकर सिंह, पूर्व विधायक त्रिवेणी राम, अनीता कमल, जिला उपाध्यक्ष मनोज मिश्र, डॉ. रजनीश सिंह, रमेश चंद्र गुप्ता, विमलेंद्र प्रताप सिंह ‘मोनू’, सुमन पाण्डेय, जिला महामंत्री अमरेंद्र कांत सिंह, सुरेश कन्नौजिया, विद्यावती राजभर, जिला मीडिया प्रभारी बाल्मीकि उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here