Friday, August 21, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्याराममंदिर चढावा प्रकरण की जांच और एफआईआर की मांग, कांग्रेस ने राज्यपाल...

राममंदिर चढावा प्रकरण की जांच और एफआईआर की मांग, कांग्रेस ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन


अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामधन, दान एवं चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितता प्रकरण की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी एवं महानगर कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराने, एफआईआर दर्ज करने तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए इससे जुड़े किसी भी वित्तीय प्रकरण की पारदर्शी जांच आवश्यक है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष चेत नारायण सिंह ने कहा कि यदि मंदिर के धन के दुरुपयोग अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायतें सामने आई हैं तो उनकी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता की आस्था से जुड़े इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने कहा कि सरकार को तत्काल एफआईआर दर्ज कराकर स्वतंत्र जांच सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच प्रक्रिया और उसके निष्कर्ष सार्वजनिक किए जाएं ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

पूर्व जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता आवश्यक है। यदि किसी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी श्रद्धालुओं की आस्था और जनभावनाओं की रक्षा के लिए इस मुद्दे को उठाती रहेगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, राम अवध पासी, रामदास वर्मा, हरजीत सिंह सलूजा, सुरेंद्र प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments