जलालपुर, अंबेडकर नगर। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय चौहान की बस्ती, भियांव में रविवार को योग सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाध्यापक राज बहादुर मिश्रा के नेतृत्व में हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है। नियमित योग करने से शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन और एकाग्रता भी बनी रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
इस दौरान बच्चों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग के महत्व पर चर्चा करते हुए शिक्षकों ने बताया कि योग तनाव को दूर करने और जीवन को संतुलित बनाने का प्रभावी माध्यम है। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम में शिक्षक प्रदीप कुमार मौर्य, राजकरन प्रजापति, अरशद कमाल सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।