Sunday, August 23, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरटैक्स विभाग की छापेमारी पर हंगामा, व्यापारियों और टीम में नोकझोंक

टैक्स विभाग की छापेमारी पर हंगामा, व्यापारियों और टीम में नोकझोंक


जलालपुर, अंबेडकर नगर। मालीपुर रोड स्थित शालिनी आयरन स्टोर पर टैक्स विभाग के सचल दस्ते की छापेमारी के दौरान शुक्रवार को व्यापारियों और टीम के बीच जमकर नोकझोंक हुई। कार्रवाई के दौरान कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर से आई सचल दस्ता टीम सरिया लदे एक ट्रक का पीछा करते हुए दुकान तक पहुंची। टीम ने ट्रक चालक से माल से संबंधित दस्तावेज और बिल की मांग की। इसी बीच मौके पर पहुंचे व्यापारियों ने कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए टीम प्रभारी से पहचान पत्र दिखाने की मांग की। व्यापारियों का आरोप था कि अधिकारी वाहन से बाहर नहीं आए और उन्हें बातचीत के लिए वाहन के पास बुलाया गया, जिससे विवाद बढ़ गया।

दुकानदार लल्ला अग्रहरि ने आरोप लगाया कि अधिकारी के पहुंचने से पहले सुरक्षा में तैनात एक सिपाही ने रिश्वत की मांग की थी। व्यापारियों ने पूरी कार्रवाई की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए विरोध जताया। घटना के दौरान बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए।

उधर, अंबेडकरनगर के जीएसटी अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिले में मोबाइल दस्ता उपलब्ध नहीं है। इसलिए सुल्तानपुर जिले की टीम को अमेठी और अंबेडकरनगर का भी प्रभार दिया गया है।

सचल दस्ता प्रभारी राजेंद्र चक्रवर्ती ने बताया कि संदेह के आधार पर ट्रक की जांच के लिए उसका पीछा किया गया था। जांच के दौरान व्यापारियों का विरोध झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि बिल पर दर्ज वाहन संख्या गलत पाई गई थी, जिसे बाद में संशोधित कर दिया गया।

छापेमारी और विरोध के चलते कुछ समय तक क्षेत्र में हलचल बनी रही। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments