जलालपुर, अंबेडकर नगर। नगर क्षेत्र के जमालपुर चौराहे से अकबरपुर रोड तक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत बनाए जा रहे नाले के निर्माण कार्य को लेकर मंगलवार को कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों के विरोध के चलते निर्माण कार्य बाधित हो गया, हालांकि विभागीय अधिकारियों की पहल और पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद काम दोबारा शुरू करा दिया गया।
बताया गया कि सड़क चौड़ीकरण योजना के अंतर्गत सड़क के दोनों किनारों पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने नाले की खुदाई अपने मकानों से अधिक दूरी पर किए जाने की मांग उठाते हुए आपत्ति जताई और विरोध शुरू कर दिया। विरोध बढ़ने पर मौके पर मौजूद मजदूरों ने काम रोक दिया और इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी।
सूचना मिलने पर अवर अभियंता अमितेश कुमार मौके पर पहुंचे और विरोध कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद उन्होंने जलालपुर कोतवाली में लिखित शिकायत देकर निर्माण कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को सूचना मिलने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। विरोध कर रहे लोगों ने निर्माण कार्य में हस्तक्षेप बंद कर दिया, जिसके बाद नाले का निर्माण कार्य पुनः शुरू करा दिया गया। वर्तमान में कार्य बिना किसी व्यवधान के जारी है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, जमालपुर चौराहे से अकबरपुर रोड तक सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब एक वर्ष पूर्व दोनों ओर 33-33 फीट की सीमा निर्धारित कर चिन्हांकन किया गया था। उसी सीमांकन के आधार पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि कार्य निर्धारित मानकों और स्वीकृत नक्शे के अनुरूप कराया जा रहा है, जिससे सड़क चौड़ीकरण के साथ-साथ जल निकासी व्यवस्था भी सुदृढ़ हो सके।