जलालपुर अंबेडकर नगर। विकासखंड भियांव में मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर कथित रूप से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विकासखंड क्षेत्र के ग्राम सभा प्रतापपुर निवासी चंदन अपनी भाभी का मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए विकासखंड कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें ऑनलाइन आवेदन कराने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर के पास भेजा गया, जहां कार्यरत एक सफाई कर्मचारी ने प्रमाण पत्र बनाने के एवज में 200 रुपये की मांग की।
चंदन ने कर्मचारी द्वारा रुपये मांगने की बातचीत का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। वीडियो में कथित तौर पर प्रमाण पत्र बनाने के लिए धनराशि की मांग किए जाने की बात सामने आ रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया है। इस संबंध में सहायक खंड विकास अधिकारी फिरदौस आलम ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।