◆ थाना कैंट के ककरही बाजार की घटना, आरोपियों में माता, पिता व भाई बहन शामिल
◆ हत्या का मुकदमा पंजीकृत, चारो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के ककरही बाजार में शौचालय के उपयोग को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने मृतक के पिता, मां, भाई और बहन को गिरफ्तार कर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
ककरही बाजार निवासी मौजीराम के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र राधेश्याम अपनी पत्नी रेनू और 10 वर्षीय पुत्र के साथ सड़क के दूसरी ओर स्थित मकान में रहता था, जबकि मौजीराम अपनी पत्नी मीना देवी, छोटे पुत्र घनश्याम और पुत्री के साथ सामने वाले मकान में रहते थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौजीराम दूसरे मकान में स्थित शौचालय का उपयोग करने जा रहे थे। इस दौरान उनके बड़े बेटे राधेश्याम ने उन्हें अपने मकान के शौचालय का उपयोग करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर घनश्याम भी मौके पर पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी। आरोप है विवाद के दौरान मौजीराम, उनकी पत्नी मीना देवी, पुत्र घनश्याम और पुत्री अनीता ने मिलकर राधेश्याम तथा उसकी पत्नी रेनू पर डंडे और चारपाई की पटिया से हमला कर दिया। हमले में राधेश्याम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं रेनू के पैर में गंभीर चोट आई है और उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायल रेनू की तहरीर पर थाना कैंट में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह ने बताया कि मामले में नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।