जैतपुर, अंबेडकर नगर। थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता ने बेटे के दोस्तों पर जहरीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
रामगढ़ निवासी विनोद कुमार मौर्य ने जैतपुर थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनका पुत्र दिव्यांशु मौर्य 21 मई की शाम अपने कुछ दोस्तों के बुलाने पर घर से बाहर गया था। आरोप है कि पुराने विवाद के चलते उसके दोस्तों ने साजिश के तहत उसे कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं।
परिजन उसे पहले माहुल स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत में सुधार न होने पर आजमगढ़ के ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतक के पिता ने नेवादा निवासी एक युवक समेत अन्य साथियों पर बेटे को जहर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष प्रेमचंद ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।