जलालपुर, अंबेडकर नगर। कटका थाना क्षेत्र के माधवपुर दिघौटा गांव में शनिवार शाम शारदा सहायक नहर में नहाते समय एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
माधवपुर दिघौटा गांव निवासी बिहारी लाल (14) पुत्र बरखुराम शनिवार शाम अपने दोस्तों के साथ शारदा सहायक नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों के शोर मचाने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान किशोर का शव माधवपुर जाने वाली छोटी नहर के पास पानी में मिला। शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर कटका पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी अवधेश श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।