अम्बेडकर नगर। बोर्ड परीक्षाओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं से गुरुवार को जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में आयोजित संवाद कार्यक्रम में डीएम ने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य, करियर और पढ़ाई की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड परीक्षा के टॉप विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए डीएम ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही जीवन में ऊंचाइयों तक पहुंचाता है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे आत्मविश्वास बनाए रखें और अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी लगन के साथ आगे बढ़ें।
छात्र-छात्राओं ने डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और सिविल सेवा में जाने की इच्छा जाहिर की। इस पर डीएम ने उन्हें सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन के महत्व को समझाते हुए पूरी निष्ठा से तैयारी करने की सलाह दी। उनके प्रेरणादायी संबोधन से छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे।
यूपी बोर्ड हाईस्कूल में श्रेया, प्रेम प्रजापति, श्रुति पांडेय, खुशी और रेचल वर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं इंटरमीडिएट में अमूल्या वर्मा, विकास कुमार और वंदना वर्मा ने जिले का गौरव बढ़ाया। सीबीएसई बोर्ड हाईस्कूल में ममोनी यादव और अनुष्का मौर्य, जबकि इंटरमीडिएट में अनाविया फातमा और आयुष वर्मा ने बेहतरीन अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। डीएम ने कहा कि मेधावी विद्यार्थी समाज और देश का भविष्य हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे परिवार और गुरुजनों का समर्पण भी महत्वपूर्ण होता है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।