जलालपुर, अम्बेडकर नगर। आगामी गंगा दशहरा पर्व की तैयारियों के बीच पौराणिक एवं पवित्र मानी जाने वाली तमसा नदी की सफाई और खुदाई कराए जाने की मांग तेज हो गई है। तमसा श्रेष्ठ ट्रस्ट ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर नगर पालिका परिषद जलालपुर क्षेत्र में प्रदूषित हो चुकी नदी के किनारों एवं तल की सफाई कराने की मांग की है।
ट्रस्ट के अध्यक्ष केशव प्रसाद श्रीवास्तव ने जिलाधिकारी को दिए पत्र में कहा है कि जलालपुर नगर पालिका क्षेत्र से होकर बहने वाली तमसा नदी का प्राकृतिक स्वरूप लगातार बिगड़ता जा रहा है। नदी किनारे झाड़ियां उग आने, गाद जमा होने तथा प्राकृतिक जल स्रोत बंद हो जाने से नदी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है, जिससे प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है।
पत्र में बताया गया कि पक्का पुल से उसमापुर स्थित पक्का घाट तक करीब 200 से 500 मीटर क्षेत्र में नदी अत्यधिक प्रदूषित हो चुकी है। आगामी 26 मई को गंगा दशहरा पर्व मनाया जाना है। ऐसे में श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए नदी की सफाई और खुदाई कराना आवश्यक है।
ट्रस्ट ने ग्राम जफरपुर स्थित शिवाला मंदिर के पूरब बहने वाली तमसा नदी के किनारों की सफाई, झाड़ियों की कटाई तथा नदी तल से गाद हटाने की मांग की है। ट्रस्ट का कहना है कि जल प्रदूषण से जलीय जीवों के साथ-साथ स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि तमसा नदी नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत आती है, इसलिए इसके संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के लिए तत्काल कदम उठाया जाना जरूरी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद जलालपुर के अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।