अम्बेडकर नगर। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने मंगलवार को टांडा टेक्सटाइल एसोसिएशन स्थित सामान्य सुविधा केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित मशीनों एवं उत्पादन कार्य का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तकनीकी सुधार और हैंडलूम सेक्टर को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेपियर लूम, वायरपीन एवं कॉर्निंग मशीनों का अवलोकन किया। इस दौरान केंद्र में स्कूल ड्रेस, लोई, गमछा समेत अन्य वस्त्रों का उत्पादन किया जा रहा था।
डीएम ने वायरपीन मशीन को और आधुनिक बनाने के लिए पीएलसी जैसे आधुनिक उपकरणों के प्रयोग का सुझाव दिया। साथ ही सीएफसी में हैंडलूम सेक्टर को भी प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों का भी अवलोकन किया।
सीएफसी निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने सकरावल पूर्वी क्षेत्र में संचालित दो पावरलूम इकाइयों का भी निरीक्षण कर उत्पादन व्यवस्था की जानकारी ली।
इस मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उपजिलाधिकारी अकबरपुर प्रतीक्षा सिंह, उपजिलाधिकारी टांडा शशि शेखर, सहायक आयुक्त उद्योग अजय कुमार शर्मा, उद्यमी मित्र अखिलेश पटेल, निदेशक टांडा टेक्सटाइल एसोसिएशन कासिम अंसारी सहित सामान्य सुविधा केंद्र के सदस्य मौजूद रहे।