अम्बेडकर नगर। नौकरी दिलाने के नाम पर साइबर ठगी का शिकार हुए युवक को साइबर क्राइम थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस टीम ने पीड़ित के खाते में 44,665 रुपये वापस कराए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी टांडा के मार्गदर्शन में साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार थाना राजेसुल्तानपुर क्षेत्र निवासी आशीष सिंह ने साइबर क्राइम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे ऑनलाइन ठगी की गई है। मामला दर्ज होने के बाद साइबर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
साइबर पुलिस टीम ने संबंधित खातों को होल्ड कराते हुए न्यायालय के आदेश के क्रम में पीड़ित के खाते में 44,665 रुपये वापस करा दिए। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित एवं उसके परिजनों ने साइबर क्राइम थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया।
साइबर थाना प्रभारी रन्धा सिंह यादव मय टीम ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर नौकरी दिलाने के नाम पर प्रसारित मोबाइल नंबरों एवं विज्ञापनों के झांसे में न आएं। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें।
पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर नजदीकी थाने से संपर्क करें।