अंबेडकर नगर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को एक जनपद एक उत्पाद योजना के अंतर्गत प्रशिक्षित 400 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा ने लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से टूलकिट प्रदान की।
एमएलसी हरिओम पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ओडीओपी योजना युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रही है। इससे युवाओं को प्रशिक्षण के साथ आर्थिक सहयोग भी मिल रहा है। जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने लाभार्थियों को मुख्यमंत्री युवा योजना समेत अन्य स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से करीब 360 लाभार्थियों को उनके ट्रेड से संबंधित टूलकिट उपलब्ध कराई गई है। योजना के तहत लाभार्थियों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण के साथ आवागमन के लिए दो हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी दी गई। कार्यक्रम में कई लाभार्थियों ने अपनी सफलता की कहानी साझा की।