Thursday, April 30, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यासीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में मंडलायुक्त के निर्देश, अगली बैठक में नई...

सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में मंडलायुक्त के निर्देश, अगली बैठक में नई परियोजनाएं भी शामिल करने को कहा


अयोध्या । मंडलायुक्त राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में अपर आयुक्त अजयकांत सैनी, डीआईजी सोमेन बर्मा, जिलाधिकारी अयोध्या शशांक त्रिपाठी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर, जिलाधिकारी सुल्तानपुर इंद्रजीत सिंह, जिलाधिकारी अमेठी संजय चौहान, जिलाधिकारी अंबेडकरनगर ईशा प्रिया, जिलाधिकारी बाराबंकी ईशान प्रताप सिंह सहित मंडल के मुख्य विकास अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यों में तेजी लाने और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। फैमिली आईडी की समीक्षा में सभी जनपदों को बी श्रेणी से ए श्रेणी में लाने तथा शेष परिवारों को शीघ्र शामिल करने को कहा गया।

जल जीवन मिशन (ग्रामीण) की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पर्यटन विभाग की समीक्षा में सुल्तानपुर में कार्यों की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए कार्यदायी संस्था को तेजी लाने तथा उप निदेशक पर्यटन को स्थलीय निरीक्षण करने को कहा गया। भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण पर भी बल दिया गया।

आईसीडीएस एवं पोषण अभियान में रैंकिंग सुधारने, युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत ग्रामीण स्टेडियम, ओपन जिम और अयोध्या में मल्टीपरपज हॉल के निर्माण कार्य समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। सेतु निर्माण कार्यों की समीक्षा में हल्कारा का पुरवा, मौदहा तथा तमसा नदी पर निर्माणाधीन परियोजनाओं को बरसात से पूर्व पूर्ण करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान के तहत टूलकिट वितरण, राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में प्रगति बढ़ाने और निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए गए। फार्मर रजिस्ट्री में अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण कराने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के निरस्त आवेदनों की समीक्षा करने को कहा गया।

पीएम कुसुम योजना, एग्री स्टैक, डिजिटल क्रॉप सर्वे, मिनीकिट वितरण और मक्का विकास कार्यक्रम में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग की धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

पशुधन विभाग की समीक्षा में निराश्रित गोवंश संरक्षण के लिए गौशालाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, मनरेगा के तहत तालाब निर्माण, नेपियर घास उत्पादन, पशुओं की टैगिंग और टीकाकरण पर जोर दिया गया। कुटकुट योजना और नंद बाबा दुग्ध मिशन की भी समीक्षा की गई।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत शौचालय निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन, पंचायत सहायकों की भर्ती, बीसी सखी एवं विद्युत सखी कार्यक्रम तथा मनरेगा के अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। डिजिटल लाइब्रेरी में पुस्तकों और फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

अंत में मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि अगली बैठक में नई परियोजनाओं को भी शामिल किया जाए और वर्तमान कमियों को समय रहते दूर किया जाए। इसके साथ ही कानून व्यवस्था और राजस्व कार्यों की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar
Ayodhya Samachar

Recent Comments