जलालपुर, अंबेडकर नगर। कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल एक मिठाई दुकानदार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कन्नूपुर गांव निवासी 50 वर्षीय विश्वनाथ जलालपुर नगर में डाकखाने के सामने मिठाई की दुकान चलाते थे। बीते 15 अप्रैल की शाम को वह दुकान बंद कर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवानगर के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल विश्वनाथ को परिजनों ने तत्काल नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि हालत में सुधार न होने पर गुरुवार को उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। इस संबंध में प्रभारी कोतवाली अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।