Saturday, August 22, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यादिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप में लूट, नकाबपोश महिला तमंचा दिखाकर फरार

दिनदहाड़े ज्वेलर्स शॉप में लूट, नकाबपोश महिला तमंचा दिखाकर फरार


अयोध्या। जनपद के रुदौली कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक ज्वेलर्स की दुकान पर हुई लूट की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। कोठी मोहल्ला स्थित महेश ज्वेलर्स पर करीब 12:30 बजे एक नकाबपोश महिला ने शातिराना तरीके से वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गई।

जानकारी के मुताबिक, महिला ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई और सामान्य ग्राहकों की तरह आभूषण देखने लगी। उसने अलग-अलग डिजाइनों के हार और चेन देखे तथा कुछ को पसंद भी किया। दुकान में मौजूद लोगों को उसके व्यवहार पर कोई शक नहीं हुआ।



दुकान मालिक महेश कुमार के अनुसार जब वह पसंद किए गए गहनों को समेटकर अलमारी में रखने लगे, तभी महिला ने अचानक काउंटर पर रखे लगभग 26 ग्राम सोने के हार और चेन उठा लिए। विरोध की आशंका पर उसने तमंचा निकालकर सभी को धमका दिया, जिससे दुकान में मौजूद लोग सहम गए।

वारदात को अंजाम देने के बाद महिला तेजी से दुकान से बाहर निकली और पहले से खड़ी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक पर कोई अन्य व्यक्ति पहले से मौजूद था, जिससे इस घटना में गिरोह की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने टीम के साथ मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू की। क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की गई, लेकिन खबर लिखी जाने तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपी महिला की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments