अंबेडकर नगर। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज ने जिले में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित पटेल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग की सचिव रितु माहेश्वरी द्वारा गत 25 मार्च को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज परिसर के प्रशासनिक भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित कर प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने प्रशस्ति पत्र को साझा किया। उन्होंने नोडल अधिकारी एचआईएमएस डॉ. विवेक श्रीवास्तव, ओपीडी नोडल अधिकारी डॉ. सुशील शर्मा, सह नोडल अधिकारी डॉ. सुनील यादव सहित रजिस्ट्रेशन काउंटर के सभी कर्मचारियों को बधाई दी। साथ ही आभा रजिस्ट्रेशन को शत-प्रतिशत करने पर जोर दिया।
बताया गया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार अब मरीजों के पर्चे केवल आभा आईडी से बनाए जा रहे हैं। इस व्यवस्था से मरीजों का पूरा स्वास्थ्य रिकॉर्ड ऑनलाइन सुरक्षित रहता है, जिससे देश-विदेश में कहीं भी इलाज कराना आसान हो जाता है। स्मार्टफोन एप के माध्यम से मरीज स्वयं पंजीकरण कर सीधे चिकित्सकीय परामर्श भी प्राप्त कर सकते हैं।
व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर पर प्रमोद कुमार की देखरेख में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में महेंद्र प्रताप सिंह, दीपक पांडे, संतोष सिंह, रजनीश वर्मा, आयुष वर्मा, पंकज पटेल, बनवीर व मुकेश वर्मा की तैनाती की गई है। वहीं आभा सहायक के रूप में हेमलता व सुमन वर्मा कार्यरत हैं। जिन मरीजों के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनके लिए पांच काउंटरों पर बायोमेट्रिक सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।