◆ प्रदेश महामंत्री ने जनप्रतिनिधियों व नेताओं से कार्यकारिणी गठन को लेकर किया चर्चा
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी में जिला कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रदेश नेतृत्व के पर्यवेक्षक, प्रदेश महामंत्री व एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर संगठन विस्तार और कार्यकारिणी गठन को लेकर विचार-विमर्श किया।
बैठक में पूर्व सांसद लल्लू सिंह, विधायक रामचंद्र यादव, चंद्रभानु पासवान, अमित सिंह चौहान, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, संजीव सिंह, अवधेश पाण्डेय बादल, सुनील तिवारी शास्त्री सहित अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान नई जिला कार्यकारिणी के गठन को लेकर विभिन्न पदों पर योग्य कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर चर्चा की गई।
प्रदेश महामंत्री व एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ला ने कहा कि भाजपा संगठन में सभी वर्गों और समाज के हर तबके को सम्मानजनक भागीदारी देने की परंपरा रही है। उन्होंने बताया कि नई कार्यकारिणी में महिलाओं को कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया जाएगा, साथ ही सामाजिक और अनुसूचित वर्ग के कार्यकर्ताओं को भी समुचित स्थान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि संगठन और अधिक मजबूत व व्यापक बन सके।
जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी ने कहा कि कार्यकारिणी गठन की प्रक्रिया संगठन की रीति-नीति के अनुरूप चल रही है और इसमें अनुभवी तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाना है।
जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी ने बताया कि नई जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, कोषाध्यक्ष, कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य, मीडिया प्रभारी, सोशल मीडिया प्रभारी और आईटी संयोजक सहित विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने कहा कि संगठन में सभी वर्गों और समाज के लोगों को समुचित प्रतिनिधित्व देकर पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा।