◆ सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना के भूमि पूजन में जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी नहीं रहे मौजूद
◆ मामले की मुख्यमंत्री से की जाएगी शिकायत
अयोध्या। रीडगंज रामपथ पर प्रस्तावित 300 शैय्या वाले सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का भूमि पूजन शुक्रवार को संपन्न हुआ, लेकिन सरकार की इतनी महत्वपूर्ण और बहुचर्चित परियोजना का शुभारंभ जिस तरह किया गया, उसने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। भूमि पूजन कार्यक्रम में न तो किसी जनप्रतिनिधि की उपस्थिति रही और न ही जिला प्रशासन तथा स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारी मौजूद दिखे। ऐसे में कार्यक्रम को लेकर प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल उठना स्वाभाविक माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड-2 के एई सत्येंद्र कुमार त्रिपाठी ने भूमि पूजन की औपचारिकता पूरी की। लेकिन करोड़ों रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के शुभारंभ में जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं की अनुपस्थिति पूरे कार्यक्रम को चर्चा का विषय बना गई।
उल्लेखनीय है कि अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता की ओर से सीतापुर आई हॉस्पिटल की भूमि पर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल निर्माण का प्रस्ताव दिया गया था, जिस पर बाद में प्रदेश कैबिनेट की बैठक में मुहर लगी थी। ऐसे में परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम की सूचना तक संबंधित जनप्रतिनिधि को न दिया जाना गंभीर लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि भूमि पूजन की कोई जानकारी नही दी गई। मामले में कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि विधानसभा क्षेत्र में इतनी बड़ी और महत्वपूर्ण परियोजना के भूमि पूजन की जानकारी जनप्रतिनिधियों को न देना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तीन दिन बाद मुख्यमंत्री के अयोध्या आगमन पर पूरे मामले को उनके संज्ञान में लाया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
डॉ वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि 7 मंजिला अस्पताल में ओपीडी, जनरल वार्ड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और इमरजेंसी सहित सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
शहर के रामपथ रोड स्थित रीडगंज क्षेत्र में लगभग 163.71 करोड़ रुपये की लागत से 300 शैय्या वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाना है। इस परियोजना के लिए उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पहली किस्त के रूप में 48 करोड़ रुपये जारी भी किए जा चुके हैं। अस्पताल का निर्माण रामपथ रोड स्थित सीतापुर आंख अस्पताल की भूमि पर ईपीसी मोड के तहत किया जाएगा।
शहर के बीच में होने से होगी बेहतर कनेक्टिविटी

प्रस्तावित भूमि चौक गुलाबबाड़ी के निकट रामपथ पर स्थित है। यह सुगम आवागमन के लिए उपयुक्त है। रामपथ से सटा हुआ होने के कारण यहां सुगमता से पहुंचा जा सकता है। प्रस्तावित भूमि से लगभग 2.5 किमी. की दूरी पर जिला चिकित्सालय स्थित है। एवं लगभग 4 किमी की दूरी पर श्रीराम चिकित्सालय, 6 किमी की दूरी पर मेडिकल कालेज व 5 किमी की दूरी पर श्रीरामजन्मभूमि मंदिर स्थित है।
अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा हॉस्पिटल



