अंबेडकर नगर। जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मिशन रोजगार के तहत आगामी 28 फरवरी को एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेला पूर्वाह्न 10 बजे से देव इन्द्रावती पीजी कॉलेज, कटेहरी परिसर में आयोजित होगा। आयोजन जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से किया जा रहा है।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि मेले में देश-प्रदेश की 50 से अधिक निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। कंपनियां अभ्यर्थियों की योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों पर चयन करेंगी। 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के वे अभ्यर्थी, जिन्होंने हाईस्कूल, इंटरमीडिएट अथवा अन्य उच्च शैक्षणिक योग्यता प्राप्त की है, मेले में भाग ले सकते हैं।
मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पूर्व पंजीकरण कराना अनिवार्य है। बिना पंजीकरण प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण पत्र, पहचान पत्र व पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे।