अयोध्या। मकर संक्रांति मेला–2026 और बसंत पंचमी मेला–2026 को लेकर सोमवार को मंडलायुक्त राजेश कुमार, आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव ग्रोवर ने मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान राम की पैड़ी और सरयू घाट पर चल रही तैयारियों की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडे, उप जिलाधिकारी सदर, रेजीडेंट मजिस्ट्रेट और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी मौजूद रहे। मंडलायुक्त ने घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय और अस्थायी आवास तैयार कराने, नियमित सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईजी ने मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और मेले से पहले सभी इंतजाम पूरे करने को कहा। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य मेला शुरू होने से पहले पूरे कर लिए जाएं और मेला समाप्त होने तक कोई नया निर्माण कार्य न कराया जाए। घाटों पर पड़ी निर्माण सामग्री को तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को समय पर सभी तैयारियां पूरी करने और मेला अवधि में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए।