अयोध्या। जिले में स्मार्ट मीटर लगने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बिजली बिल अधिक आने की शिकायतें परेशान कर रही हैं। प्रतिदिन कई उपभोक्ता बिजली बिल राहत योजना के कैंप में पहुँचकर बिल सुधार की गुहार लगा रहे हैं।
सिविल लाइन उपकेन्द्र पर लगाए गए समाधान कैंप में पहुंचे ग्राम व शहर क्षेत्र के उपभोक्ताओं ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगते ही बिल कई गुना बढ़ गया है। सहादतगंज निवासी आशीष जायसवाल ने बताया कि उनके छोटे से मकान में पहले लगभग 500 रुपये मासिक बिल आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह बढ़कर लगभग 2500 रुपये प्रति माह पहुँच गया है। छह महीने में करीब 14 हजार रुपये का बिल हो चुका है।
वहीं, विनय कुमार सिंह ने कहा कि 30 जुलाई को उनके घर मीटर लगाया गया था और सिर्फ चार महीनों में लगभग 38 हजार रुपये का बिल भेज दिया गया है, जबकि उनके घर में सामान्य घरेलू उपकरण ही हैं। उन्होंने कई बार शिकायतें कीं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि मीटर लगाते समय उन्हें एसएमएस अलर्ट मिलने की सुविधा का आश्वासन दिया गया था, जो अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी संजय सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य एक अलग संस्था द्वारा कराया जा रहा है। ऊर्जा निगम और संस्था के बीच समन्वय बनाकर उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण के प्रयास किए जा रहे हैं।