अंबेडकर नगर। योगी सरकार भले ही गोवंशों की सुरक्षा के लिए तमाम प्रयास कर रही हो, लेकिन अकबरपुर नगर पालिका की लापरवाही ने उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अकबरपुर-अयोध्या मुख्य मार्ग स्थित सरदार पेट्रोल पंप के निकट एक गोवंश वाहन की टक्कर से घायल होकर दो दिनों तक सड़क किनारे तड़पता रहा।
स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका को सूचना दी, लेकिन किसी ने घायल गोवंश को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर उपचार कराने की जिम्मेदारी नहीं निभाई। इससे लोगों में आक्रोश देखा गया। सोशल मीडिया पर मामला प्रकाश में आने के बाद उप जिलाधिकारी सदर प्रतीक्षा सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और घायल गोवंश को पशु आश्रय स्थल भिजवाया। वहां पशु चिकित्सकों की टीम ने उसका उपचार शुरू किया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि नगर पालिका को भी जिम्मेदारी समझनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही से निर्दोष प्राणियों की जान न जाए।