अंबेडकर नगर। जनपद में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात जलालपुर और कटका थाना क्षेत्र के दो गांवों में चोरों ने धावा बोलकर नकदी और जेवरात समेत 20 लाख रुपये से अधिक का सामान पार कर दिया। घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पहली घटना जलालपुर थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपट्टी गांव की है। यहां दिलीप शुक्ला का परिवार छत पर सो रहा था। देर रात चोर घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर मुख्य गेट की कुंडी तोड़ते हुए अंदर घुसे। घर में रखी अलमारी व बक्सों को तोड़कर चोर करीब दो सोने की चेन, तीन अंगूठियां और ₹13 हजार नकद लेकर फरार हो गए।
दूसरी वारदात कटका थाना क्षेत्र के वनपुरवा गांव में हुई। यहां चोर मोहम्मद इसराइल के घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब ₹3 लाख नकद व 15 लाख रुपये के जेवरात समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। इसी गांव में चोरों ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख सूर्य नारायण शुक्ला के घर पर भी हाथ आजमाया, लेकिन केवल कपड़े मिलने के कारण बिना कुछ लिए लौट गए।
सुबह घटनाओं की जानकारी होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जलालपुर कोतवाल संतोष कुमार सिंह और कटका थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, शीघ्र ही वारदातों का खुलासा कर अपराधियों को पकड़ा जाएगा। गांवों में एक ही रात दो-दो बड़ी चोरी की वारदात होने से लोग दहशत में हैं और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।