Saturday, August 15, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअयोध्यामहिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही की जनसुनवाई आए 18 मामले

महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही की जनसुनवाई आए 18 मामले


आंगनबाड़ी और अस्पतालों का किया निरीक्षण


अयोध्या। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य ऋतु शाही की अध्यक्षता में बुधवार को सर्किट हाउस अयोध्या में महिला जनसुनवाई का आयोजन हुआ। इस अवसर पर महिलाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर कुल 18 प्रकरण प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर त्वरित निस्तारण किया गया, जबकि 12 प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, अवैध कब्जे, पुलिस कार्रवाई में लापरवाही सहित कई गंभीर विषयों पर शिकायतें दर्ज की गईं। प्रत्येक मामले को गंभीरता से सुनते हुए ऋतु शाही ने पीड़ित महिलाओं को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है, और जनकल्याणकारी योजनाओं से अब जमीनी स्तर पर लाभ मिलने लगा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि संकट के समय 112, 1098 जैसी हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें, इन पर की गई शिकायतों का तत्काल और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है।

कार्यक्रम में जिला सूचना अधिकारी संतोष कुमार द्विवेदी, सीओ सिटी योगेन्द्र कुमार, महिला थानाध्यक्ष आशा शुक्ला, बाल विकास अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर की प्रभा पाल निधि श्रीवास्तव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


निरीक्षण में मिली मिली-जुली स्थिति


जनसुनवाई से पूर्व ऋतु शाही ने विकासखंड सोहावल के प्राथमिक विद्यालय सफीपुर में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था, शौचालय की सफाई और शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जिला महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया, जहां की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। वहीं, सीएचसी मसौधा के निरीक्षण के दौरान केंद्र परिसर में गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments