◆ भूजल सप्ताह के अंतर्गत यश विद्या मंदिर में चला जन–जागरूकता अभियान
अयोध्या। भूजल सप्ताह 16 से 22 जुलाई के अवसर पर “जल सुरक्षित तो कल सुरक्षित” थीम के तहत यश विद्या मंदिर, यशनगर, दर्शननगर में सोमवार को जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भूगर्भ जल विभाग, खंड – अयोध्या द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का आयोजन पैका लिमिटेड के सौजन्य से हुआ।
इस अवसर पर कक्षा 5 से 9 तक के 151 छात्र–छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। जल संरक्षण विषय पर बनीं कलाकृतियों ने न सिर्फ सभी का ध्यान खींचा, बल्कि बच्चों की जागरूकता और संवेदनशीलता भी प्रदर्शित की। प्रतियोगिता में कक्षा 7 के छात्र आराध्य सिंह ने प्रथम, कक्षा 6 की अंशी यादव ने द्वितीय और कक्षा 8 की अंशी यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सम्मान समारोह में भूगर्भ जल विभाग की हाइड्रोलोजिस्ट सपना सिंह, रसायनज्ञ दिनेश चंद्र जायसवाल और अवर अभियंता रवि सिंह ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में यश विद्या मंदिर की प्रधानाचार्या सरिता त्रिपाठी, समन्वयक व कला शिक्षक अशोक सिंह, पैका लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौतम घोष, अंकुर तिवारी और जल संरक्षण प्रमुख चंद्रशेखर मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण और जल संरक्षण पर प्रभावशाली संवादों के माध्यम से बच्चों को जागरूक किया गया।