जलालपुर अम्बेडकर नगर। जलालपुर नगर में सड़कों और नालियों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रस्तावित कार्रवाई एक बार फिर टल गई। इस बार कारण बना उपजिलाधिकारी का स्थानांतरण। नगर पालिका और तहसील प्रशासन द्वारा लंबे समय से प्रचार-प्रसार कर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी जा रही थी कि वे 30 जून तक स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा एक जुलाई को सख्त कार्रवाई की जाएगी। लेकिन ऐन वक्त पर एसडीएम के स्थानांतरण से यह अभियान ठंडे बस्ते में चला गया।
नगर क्षेत्र के मालीपुर रोड, रामगढ़ रोड, सुरहुरपुर रोड, यादव चौराहा, मित्तूपुर रोड, अकबरपुर रोड और उर्दू बाजार में सड़क किनारे बनी नालियों तक अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ती है। दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। तीन दिन पहले से नगर पालिका की ओर से मुनादी कराई जा रही थी और लोगों को चेताया गया था कि वे निर्धारित तिथि तक अतिक्रमण स्वयं हटा लें।
अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि एक जुलाई से विशेष अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाने की तैयारी थी। परंतु एसडीएम के स्थानांतरण के कारण फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि जैसे ही नए एसडीएम पदभार ग्रहण करेंगे, पुनः कार्रवाई की तिथि निर्धारित की जाएगी।
नगरवासियों में इस स्थगन को लेकर नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जब भी प्रशासनिक स्तर पर कोई हलचल होती है, अतिक्रमण जैसे गंभीर मुद्दे हाशिए पर चले जाते हैं। अब देखना यह है कि नई प्रशासनिक टीम आने के बाद नगर की सड़कों को अतिक्रमण से कब मुक्ति मिलती है।