◆ घरों में न होने दें जलजमाव, आसपास रखें सफाई : महापौर
◆ एक माह चलेगा विशेष सफाई एवं एंटी लार्वा के छिड़काव का अभियान
अयोध्या। नगर को संचारी रोगों से मुक्त बनाने के लिए एक माह तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिला फाइलेरिया नियंत्रण इकाई के सहयोग से नगर निगम फागिंग एवं एंटी लार्वा का छिड़काव कराएगा। समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क कर जल जनित एवं मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता पैदा की जाएगी। इसके लिए मंगलवार को अयोध्या तुलसी उद्यान के सामने से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसे मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुशील कुमार बानियान के साथ महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए मुस्तैद रहें। साथ ही लोगों को जागरुक भी करें, ताकि घरों में कूलर, खाली बर्तन आदि में पानी न जमा होने पाए, क्योंकि इससे डेंगू फैलने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने लोगों से घरों के अंदर और आसपास सफाई रखने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बानियान ने कहा कि संचारी रोगों के नियंत्रण में स्वच्छता की अहम भूमिका है। उन्होंने लोगों से फुल आस्तीन के सूती कपड़े पहनने के साथ ही अपने आसपास सफाई रखने का आह्वान किया। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल ने बताया कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, फाइलेरिया, डायरिया जैसी बीमारियों पर स्वच्छता से ही नियंत्रित किया जा सकता है।
नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार पांडे ने बताया कि बीमारियों पर नियन्त्रण के लिए एक माह तक अभियान चला कर नालियों तथा लोगों के घरों के आसपास जमा गंदगी हटाई जाएगी। नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा। जगह-जगह फागिंग कराई जाएगी। शहर में चिन्हित 60 अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
मौके पर पार्षद दीप कुमार गुप्त, जिला फाइलेरिया अधिकारी डीके श्रीवास्तव, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. संदीप शुक्ल, अर्बन नोडल डॉ. वेद प्रकाश, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा एवं कमल कुमार, वरुण चौधरी, अखिलेश पांडे, रमेश राना आदि मौजूद रहे।