◆ महानगर में आयोजित हुए कई कार्यक्रम
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर अयोध्या में सोमवार को विभिन्न सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ और महानगर अध्यक्ष श्याम कृष्ण श्रीवास्तव के कार्यकर्ता संग महानगर क्षेत्र में दिनभर आयोजन होते रहे। पूर्व मंत्री पवन ने अपने विधानसभा क्षेत्र में 101 छात्राओं को साइकिल और स्कूली बैग वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम बेटियों को प्रोत्साहित करने और समाजवादी सरकार की पुरानी योजनाओं की याद दिलाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में कन्या विद्याधन, लैपटॉप वितरण, 1090, बेरोजगारी भत्ता और एंबुलेंस सेवा जैसी योजनाएं बंद कर दी गई हैं।
सपा महानगर कार्यालय लोहिया भवन में केक काटकर अखिलेश यादव की दीर्घायु की कामना की गई। इसके अलावा जिला अस्पताल में मरीजों को फल वितरण, चौक मंडी में श्रमिकों को मिठाई और बड़ी बुआ इलाके में बच्चों को कॉपी-पेन व फल बांटे गए। व्यापार सभा के अध्यक्ष शक्ति जायसवाल व सहयोगियों ने श्रीराम अस्पताल में मरीजों को फल बांटे।
इस मौके पर सपा के जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव, प्रदेश सचिव मोहम्मद हलीम पप्पू, महानगर प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट समेत पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समाजसेवी मौजूद रहे। नेताओं ने 2027 में अखिलेश यादव को फिर से मुख्यमंत्री बनाए जाने की उम्मीद जताई।