Home Ayodhya/Ambedkar Nagar अयोध्या 52 वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

52 वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का हुआ आयोजन

0

अयोध्या । 52वीं राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2024 का आयोजन एसएसवी इंटर कालेज में किया गया। मुख्य अतिथि संयुक्त शिक्षा निदेशक देवीपाटन मंडल/उप शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता ने प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन किया। उन्होंने राज्य विज्ञान शिक्षण संस्थान की पत्रिका का भी विमोचन किया।

मुख्य अतिथि ने कहा कि कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। उसका क्रियान्वयन महत्वपूर्ण होता है। जो भी कार्य करें, उसको बेहतर करने का प्रयास करें, क्योंकि हमेशा वर्तमान ही इस पृथ्वी पर श्रेष्ठ होता है। विज्ञान से कई कार्य पूर्ण हुए हैं लेकिन विज्ञान का उपयोग मानवता के लिए होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस पृथ्वी पर कोई भी परिपक्व नहीं होता। जन्म से लेकर मृत्यु तक व्यक्ति सीखता ही रहता है। यह सतत चलने वाली प्रक्रिया है। विज्ञान उसमें परिपक्वता प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हालात कैसे भी हों, कितना ही विपरीत हों। उस हालत में जीवन जीना चाहिए। जीवन जीने की कला जानकर और वर्तमान को आत्मसात करके जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह जरूर है कि भविष्य की संभावनाओं में विज्ञान साथ दे सकता है। लेकिन मानवता उसको पूरक बनाती है।

प्रधानाचार्य डॉ. मणि शंकर तिवारी ने स्वागत संबोधन प्रस्तुत करते हुए बताया कि 18 मंडलों के लगभग 504 बाल वैज्ञानिक इस विज्ञान प्रदर्शनी में प्रतिभाग कर रहे हैं। जो अपने क्रियाकारी और स्थिर प्रदर्शन के माध्यम से अपनी प्रतिभा का सहज प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अपने प्रदर्शन के माध्यम से विज्ञान प्रदर्शनी के विषय सतत भविष्य के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पर मानव उत्थान व राष्ट्र निर्माण की परिकल्पना को प्रस्तुत करेंगे। प्रदर्श नवाचार का माध्यम बनेगा।

धन्यवाद व्यक्त करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ पवन कुमार तिवारी ने कहा कि विज्ञान वर्तमान में मानव जीवन के लिए खतरा बन गया है। ऐसे में विज्ञान का उपयोग श्रेष्ठ की संरचना में करने की योजना बनाई जानी चाहिए। जिससे विज्ञान मानव का कल्याण करें और समाज का प्रतिनिधित्व करे।

एसएसबी इंटर कॉलेज की प्रबंधक सुश्री शची मेहरोत्रा, प्रधानाचार्य डॉ. तिवारी, राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान की प्रोफेसर ममता द्विवेदी ने मुख्य अतिथि को बुके भेंटकर उनका स्वागत और बैज अलंकरण किया। एसएसबी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मेथाडिस्ट मिशन गर्ल्स इंटर कॉलेज और साहबदीन राम सीताराम बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. तिवारी ने मुख्य अतिथि उप शिक्षा निदेशक अयोध्या मंडल डॉ. ओम प्रकाश गुप्ता को स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर राज्य विज्ञान शिक्षण संस्थान के प्रो. मंजूषा गुप्ता, अरविंद कुमार सुदामा, एसएसवी इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी, प्रबंध समिति व शिक्षक अभिभावक संघ के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य सहित शिक्षक – शिक्षिकाएं और बाल वैज्ञानिक मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version