Thursday, August 20, 2026
HomeAyodhya/Ambedkar Nagarअम्बेडकर नगरसड़क दुर्घटनाओं में 30 प्रतिशत की कमी, डीएम ने सुरक्षा उपाय और...

सड़क दुर्घटनाओं में 30 प्रतिशत की कमी, डीएम ने सुरक्षा उपाय और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश


अंबेडकर नगर। जिले में सड़क सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियानों का असर दिखाई देने लगा है। विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष अगस्त माह में सड़क दुर्घटनाओं में करीब 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में हुई जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालययान सुरक्षा समिति की बैठक में इसकी जानकारी दी गई।

क्षेत्राधिकारी यातायात ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से दुर्घटनाओं में कमी आई है। जिलाधिकारी ने इस पर संतोष जताते हुए सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि ब्लैक स्पॉट के तीन किलोमीटर के दायरे में एंबुलेंस के बेस लोकेशन बनाए गए हैं। एक्सप्रेसवे और हाईवे के आसपास भी एंबुलेंस तैनात की गई हैं, ताकि सूचना मिलने के करीब पांच मिनट में मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया जा सके। एंबुलेंस में जरूरी दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता की नियमित जांच व मॉनिटरिंग की जा रही है।

जिलाधिकारी ने एआरटीओ को सभी स्कूली वाहनों की शत-प्रतिशत फिटनेस जांच नियमानुसार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपाय प्राथमिकता से लागू करने को कहा।

बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी हरेंद्र कुमार, एआरटीओ सत्येंद्र यादव, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सौरभ सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्राधिकारी यातायात समेत समिति के सदस्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments