अंबेडकर नगर। जनपद के विभिन्न थानों में निरुद्ध वाहनों की नीलामी मंगलवार को परिवहन कार्यालय में विधिवत रूप से संपन्न कराई गई। नीलामी समिति की अध्यक्षता उप परिवहन आयुक्त परिक्षेत्र लखनऊ राधेश्याम ने की। समिति के सदस्य एसटीओ प्रवर्तन अयोध्या विश्वजीत प्रताप सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन सत्येंद्र कुमार यादव, यात्री/मालकर अधिकारी सुरेंद्र सिंह व मोटर वाहन निरीक्षक रंजीत सिंह की मौजूदगी में कुल 92 बोलीदाताओं ने प्रतिभाग किया। सर्वाधिक बोली पर कुल 20 वाहन 9 लाख 42 हजार 500 रुपये में खरीदे गए। इस राशि पर जीएसटी अलग से देय होगा। सफल बोलीदाताओं को परिवहन आयुक्त कार्यालय से अंतिम अनुमोदन मिलने के बाद वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।
निरीक्षण भी किया, अगली नीलामी के निर्देश
नीलामी उपरांत उप परिवहन आयुक्त ने परिवहन कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने जुलाई-अगस्त माह में जमा राजस्व व प्रवर्तन संबंधी विवरण का मिलान कर संतोष व्यक्त किया। साथ ही निर्देश दिए कि 45 दिन से अधिक समय से थानों में निरुद्ध वाहनों की अगली नीलामी की कार्यवाही शीघ्र पूरी की जाए।
कार्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था को भी उन्होंने संतोषजनक पाया। इस मौके पर उप परिवहन आयुक्त ने परिसर में एक पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस दौरान डी वी ए विनय पाण्डेय, साधना सिंह,पारस नाथ, सूर्यभान सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।